रायपुर. कोरोना संक्रमण (Corona Virus) की रफ्तार में अक्टूबर के बाद नवंबर में गिरावट का दौर जारी है। जो राहत की खबर है। बस यही रफ्तार बनी रहे। नवंबर के पहले दोनों दिन 1,500 और 1,700 मरीज रिपोर्ट हुए। प्रदेश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 1.90 लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है।
बीते 24 घंटे में सर्वाधिक 218 संक्रमित रायगढ़ में मिले, रायपुर में 102 मरीजों में संर मण की पहचान हुई। स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 1.66 लाख से अधिक जा पहुंची है। रिकवरी रेट में सुधार होते हुए यह 87.34 प्रतिशत जा पहुंचा है जो देश के रिकवरी रेट से 3 प्रतिशत कम है। उधर, प्रदेश में मौतों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही।
सितंबर के बाद अक्टूबर में सर्वाधिक मौतें हुई। नवंबर के पहले दिन 24 घंटे में 11 और पिछले दिनों हुई 38 मौतें जोड़ी गई थीं। सोमवार को भी 11 मरीजों ने इलाज के दौरान दमतोड़ा, मगर पिछली 47 मौतें जोड़ दी गई। जिसके बाद मौत का आंकड़ा 2,208 जा पहुंचा है, जो कई राज्यों से अधिक है। संक्रमितों की पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग अब स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान शुरू करने जा रहा है, जो दिसंबर तक चलेगा।