रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों से कोरोना संक्रमण रोकने किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। सीएमएचओ से चर्चा कर सभी जिलों में कोविड-19 के नियंत्रण एवं रोकथाम की व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कोविड-19 के इलाज के लिए सभी जिला चिकित्सालयों में आइसोलेटेड 100 बिस्तरों के साथ ही सभी संसाधन तैयार रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने डॉक्टरों और अन्य मेडिकल स्टॉफ के लिए मास्क और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों सहित अन्य व्यक्तिगत सुरक्षात्मक उपायों की उपलब्धता के बारे में भी विस्तृत जानकारी ली।
स्वास्थ्य मंत्री ने क्वारेंटाइन सेंटर्स की व्यवस्था और वहां रह रहे लोगों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही क्वारेंटाइन सेंटर्स और होम-क्वारेंटाइन में रह रहे लोगों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। मंत्री सिंहदेव ने अधिक से अधिक संदिग्धों के सैंपल एकत्र करने और जांच के लिए भेजने कहा।
स्वास्थ्य अधिकारियों की वीसी
स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से भी वीडियो कॉन्फ्रेंस कर कोविड-19 के नियंत्रण एवं रोकथाम की प्रदेश स्तरीय व्यवस्था और आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों को पर्याप्त संख्या में पीपीई और मास्क भेजने के निर्देश दिए हैं।