रायपुर/जगदलपुर : प्रदेश में धान खरीदी और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष कांग्रेस और विपक्षी दल भाजपा नेताओं के बीच जारी आरोप-प्रत्यारोप के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने प्रदेश सरकार को विक्षिप्त बताया है।
शुक्रवार को यहां रूद्रप्रताप देव टाउन क्लब में आयोजित भाजपा के धरना को संबोधित करते उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है, उसकी किसान विरोधी नीतियों के कारण प्रदेश में 234 किसानों ने आत्महत्या कर ली है।
किसानों को कांग्रेस सरकार में बैठे लोग मानसिक रोगी बता रहे हैं। साय ने कहा कि किसान नहीं बल्कि प्रदेश में कांग्रेस की पूरी सरकार ही विक्षिप्त जैसा व्यवहार कर रही है। इनकेे नित नए अमर्यादित बयानों से यह बात स्पष्ट हो रही है।
सरकार को चाहिए कि वह किसानों के आत्महत्या मामले में श्वेतपत्र जारी कर जनता के सामने पूरी स्थिति स्पष्ट करे। साय यहीं नहीं रुके, पार्टी केे कलेक्टोरेट घेराव आंदोलन का नेतृत्व करते हुए अस्थाई जेल सिटी ग्राउंड में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिछले दिनों भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को लेकर दिए बयान पर भी कटाक्ष किया।
साय ने कहा कि भाजपा केंद्र की सरकार में है। भाजपा कार्यकर्ता संख्या के आधार पर दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। जेपी नड्डा इस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जिनके बारे में मुख्यमंत्री का यह कहना कि वे किसी नड्डा को नहीं जानते, इससे हास्यास्पद बयान और क्या हो सकता है? लंबे समय बाद सत्ता मिलने की खुशी कांग्रेसी पचा नहीं पा रहे हैं और अनाप-शनाप बयानबाजी करके मूल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश में लगे हैं।
प्रदेश में धान खरीदी को लेकर किसानों को परेशान किया जा रहा है। बारदाना संकट के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार बताने वाली कांग्रेस सरकार को प्रदेश के किसान माफ नहीं करेंगे। धरना को भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।