कोलकाता। Ind vs Aus: रिषभ पंत ने ऐतिहासिक गाबा टेस्ट में भारत को जीत दिलाई थी। इसका फायदा उनको जरूर मिलेगा। इस पर अनुभवी विकेटकीपर रिद्धिमान साहा ने कहा है कि ये युवा स्टंप के पीछे भी अपने कौशल में सुधार करेगा, जैसे कि धीरे-धीरे "बीजगणित" में महारत हासिल होता है। भारत के नंबर एक विकेटकीपर माने-जाने वाले रिद्धिमान साहा ने कहा है कि रिषभ पंत के लिए ये अंत नहीं है। वह हमेशा अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं के लिए सिरदर्द रहेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतने के बाद घर लौटे रिद्धिमान साहा ने न्यूज एजेंसी पीटीआइ को दिए इंटरव्यू में कहा, "आप उनसे (पंत) पूछ सकते हैं, हमारे बीच दोस्त जैसे संबंध हैं और जो भी प्लेइंग इलेवन में आता है, हम एक-दूसरे की मदद करते हैं। व्यक्तिगत रूप से, उसके साथ कोई लड़ाई नहीं है। मैं नहीं देखता कि कौन नंबर 1 या 2 है। म उन लोगों को मौका देगी जो बेहतर करते हैं। मैं अपना काम करता रहूंगा। चयन मेरे हाथ में नहीं है, यह प्रबंधन पर निर्भर है।"
दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज रिद्धिमान साहा ने 23 वर्षीय पंत की प्रशंसा की, जिनके 89 रन की नाबाद पारी के दम पर भारत ने 2-1 से सीरीज जीती। उन्होंने कहा, "कोई भी क्लास वन में बीजगणित नहीं सीखता है। आप हमेशा कदम से कदम मिलाकर चलते हैं। वह अपना सर्वश्रेष्ठ दे रहे हैं और निश्चित रूप से सुधार करेंगे। उसने हमेशा परिपक्व और खुद को साबित किया है। लंबे समय के लिए यह भारतीय टीम के लिए अच्छी बात है।"
पिंक बॉल टेस्ट मैच में बल्ले से फ्लॉप होने के बाद साहा को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया था। उन्होंने कहा, "अपने पसंदीदा T20/ODI प्रारूपों से दरकिनार किए जाने के बाद उन्होंने जिस तरह से अपना इरादा दिखाया है वह वास्तव में असाधारण था।" वहीं, ब्रिसबेन में शानदार पारी खेलने के बाद उनकी तुलना महान महेंद्र सिंह धौनी से की जारी है। इस पर उन्होंने कहा, "धौनी हमेशा धौनी रहेंगे और हर एक की अलग पहचान होती है।"
अपने खराब प्रदर्शन पर उन्होंने कहा, "कोई भी बुरे दौर से गुजर सकता है। एक पेशेवर खिलाड़ी हमेशा उतार-चढ़ाव को स्वीकार करता है, चाहे वह फॉर्म हो या फिर आलोचना। मैं रन नहीं बना पा रहा था इसलिए पंत को मौका मिला। यह बहुत सरल है। मैंने हमेशा अपने कौशल में सुधार करने पर ध्यान केंद्रित किया और अपने करियर के बारे में कभी नहीं सोचा, तब भी जब मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया। यह अब वही दृष्टिकोण है।"