संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने भारतवंशी वरिष्ठ UN अधिकारी सिद्धार्थ चटर्जी (Siddharth Chatterjee) को चीन में 'संयुक्त राष्ट्र रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर' के तौर पर नियुक्त किया है। रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर्स देश के स्तर पर विकास के लिए UN महासचिव के प्रतिनिधि होते हैं। अंतरराष्ट्रीय सहयोग सतत विकास, मानवीय साझीदारी और शांति और सुरक्षा का 25 वर्षों का अनुभव है जो उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में हासिल किया। इससे पहले सिद्धार्थ चटर्जी ने केन्या में संयुक्त राष्ट्र के रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर के तौर पर काम किया है।
कोविड-19 महामारी से उबरने में देशों की मदद के लिए ये प्रतिनिधि ही UN टीमों का सहयोग करते हैं। UN इन देशों की मदद अपने सतत विकास लक्ष्य (Sustainable Development Goals, SDGs) के तहत करता है। सिद्धार्थ ने इंडोनेशिया, सोमालिया, दक्षिण सूडान और सूडान में यूनाइटेड नेशंस चिल्ड्रन्स फंड (UNICEF) के साथ लीडरशिप भूमिका निभाई। इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र के शांति स्थापना कार्यों का भी उन्होंने बोस्निया (Bosnia) व हेर्जेगोविना (Herzegovina) में बखूबी निर्वाह किया।